माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-142 स्थित एक निजी कंपनी में महिला कर्मी के साथ कथित गाली-गलौज और मारपीट के मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पहले मामले में केवल एनसीआर दर्ज की गई थी, जिसे बाद में अदालत के निर्देश पर एफआईआर में तरमीम कर दिया।
सेक्टर-142 स्थित एक्सप्रेसवे प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करने वाली दिल्ली निवासी सलमा उर्फ शैली ने लगाए आरोप में कहा था कि काम करने के दौरान राजीव झा बिना कारण उनसे गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उनसे मारपीट की, इस दौरान उनकी गर्दन, हाथ और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोटें आईं। घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस ने पहले इस मामले में एनसीआर दर्ज की थी। हालांकि न्यायालय के आदेश पर अब एफआईआर दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।