नोएडा। कोतवाली फेज-1 पुलिस ने गांजा तस्करी में शामिल एक हिस्ट्रीशीटर महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला के खिलाफ अलग-अलग थानों में 12 प्राथमिकी दर्ज हैं। साथ ही उस पर दंगा भडक़ाने और अवैध हथियार रखने के साथ सरकारी अधिकारी को धमकी देने का भी आरोप है। कोतवाली प्रभारी अमित मान ने बताया कि पुलिस की टीम ने सेक्टर-8 से सेक्टर-9 जेजे कॉलोनी निवासी नूरी को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पिछले करीब 10 वर्षों से गांजा तस्करी में सक्रिय है और हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी शामिल है। इसके अलावा, आरोपी पर दंगा भड़काने, अवैध रूप से भीड़ एकत्र कर हिंसा करने, घर में घुसकर मारपीट करने और लोगों को जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं। ब्यूरो