-शिकायत के बाद एजेंसी पहुंची पुलिस, सिलिंडर लेने के लिए घंटों इंतजार कर रहे लोग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एजेंसियोंं पर सिलिंडर की मारामारी कम नहीं हो रही है। एजेंसी संचालकों की लापरवाही के कारण अब लोगों को समस्या हो रही है। जल्दबाजी में एजेंसी संचालकों ने गलत फोन नंबर लिंक और केवाईसी कर दी। जिस वजह से लोगों को गैस बुकिंग में भी दिक्कतें आ रही हैं।
कुछ हद तक स्थिति सामान्य हुई जरूर है लेकिन काफी एजेंसियोंं पर अब भी हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। सेक्टर-23 स्थित गैस एजेंसी पर रविवार को भी लोगाें की भीड़ लगी रही। एजेंसी संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा भी किया। गलत फोन नंबर लिंक होने से एजेंसी संचालक ने एक महिला को सिलिंडर देने से इन्कार कर दिया। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की। जिसके बाद पुलिसकर्मी भी पहुंचे। एजेंसी संचालक ने अपनी गलती मानते हुए सिलिंडर दिए जाने का आश्वासन भी दिया। ऐसे ही सेक्टर-62 के रहने वाले राशिद ने बताया कि उनके अकाउंट में किसी और का आधार कार्ड लिंक कर दिया है। जिस वजह से बुकिंग होने में परेशानी भी हो रही है। सेक्टर 62 स्थित गैस एजेंसी पर भी ऐसे ही लोगों को सिलिंडर के लिए दिक्कतें हो रही हैं।
मेरे अकाउंट में गलत नंबर लिंक कर दिया है। एजेंसी पर सही कराने गया तो 90 दिन बाद आने की बात बोलकर लौटा दिया गया।
-वीरेंद्र, सेक्टर 45
दस दिन से ज्यादा हो गए एजेंसी पर चक्कर काटते हुए, सिलिंडर मिलने में परेशानी अभी भी हो रही है।
-धीरेंद्र सिंह, सेक्टर 143
बुकिंग के लिए एजेंसी वालों ने किताब रख ली थी जो कि उन्होंने खो दी। सिलिंडर खाली हो गए हैं अब चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है।
-संजीव सिंह, सेक्टर 62