दनकौर। कस्बा निवासी दो बहनों के बैंक खाते से करीब ढाई लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। दोनों बहनों ने मजदूरी कर अपनी शादी के लिए यह रकम की जोड़ी थी। पीड़िता ने सोमवार को कोतवाली की साइबर सेल में शिकायत की है। दनकौर निवासी सुनैना और भावना दो बहनों के पिता की कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। परिवार में उनकी बुजुर्ग मां और एक भाई भी हैं। दोनों बहनें अपनी मां के साथ मिलकर काफी समय से मजदूरी कर रही हैं और अपनी शादी के लिए रुपये एकत्र कर रही हैं। रविवार को उन्हें जानकारी हुई कि उनके खाते से साइबर ठगों ने करीब ढाई लाख रुपये निकाल लिए हैं। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि दोनों बहनों के मोबाइल नंबर से अपने फोन में यूपीआई शुरू कर करीब 30 ट्रांजेक्शन से ढाई लाख रुपये निकाले गए हैं। मोबाइल नंबर और यूपीआई की मदद से पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद