- लाठी-डंडों से हमले में कर्मचारी के सिर में आई थी गंभीर चोट, वीडियो हुआ था वायरल
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र में एक ऑटो एजेंसी में घुसकर कर्मचारी से मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को हुई इस घटना में कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। ईकोविलेज निवासी ऐदल सिंह की घंटा गोल चक्कर के पास मोनिका ऑटो एजेंसी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे एजेंसी के सामने उनके कर्मचारी मनीष भाटी का एक युवक से विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। आठ से दस युवक एजेंसी में घुस गए। उन्होंने मनीष के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपियों ने एजेंसी में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया था। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ब्यूरो
पुनर्लेखन