नोएडा। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस कार्यप्रणाली में अनुशासनहीनता और लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को साइबर क्राइम थाने के प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दिए बिना दबिश पर टीम भेजने के आरोप में की गई है।
प्रारंभिक जांच में इसे गंभीर लापरवाही माना गया। निलंबित होने वालों में साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा, सब इंस्पेक्टर विकास और हेड कांस्टेबल विनय कुमार व कमल शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना प्रभारी ने एक मामले में दबिश के लिए टीम भेजी थी। उन्होंने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। विभागीय प्रक्रिया के तहत ऐसी कार्रवाई से पहले संबंधित अधिकारियों को अवगत कराना जरूरी होता है। उच्चाधिकारियों को इस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। इस कार्रवाई के बाद साइबर क्राइम थाने में नए प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है। पुलिस कमिश्नर की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन बनाए रखने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। ब्यूरो