दनकौर। भट्टा गांव में शराब के ठेके के सेल्समैन के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि समय से पहले उधारी शराब देने से मना करने पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर सेल्समैन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। नरेश निवासी बुलंदशहर ने दनकौर कोतवाली में दी शिकायत में कहा है कि वह भट्टा गांव स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे से पहले भट्टा गांव के 2 युवक शराब लेने दुकान पर आए। नियम के अनुसार, समय से पहले और उधार शराब न देने पर नरेश ने मना कर दिया। इस पर नाराज होकर आरोपियों ने नरेश के साथ गाली-गलौज की और फिर उसको सीसीटीवी कैमरे के सामने से उठाकर ले जाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी अन्य जगहों से शराब और अन्य मादक पदार्थ लाकर उसके गांव में सप्लाई करते हैं। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित की शिकायत लेकर जांच की जा रही है। संवाद