संवाद न्यूज एजेंसी
- हेमिस्फेयर सोसाइटी और आसपास की मार्केट अंधेरे में, लिफ्ट बंद, डीजी भी हुआ ठप, दुकानदारों को हजारों का नुकसान
ग्रेटर नोएडा। भीषण गर्मी के बीच हेमिस्फेयर सोसाइटी में पिछले दो दिनों से बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी है। लगातार बिजली गुल रहने से सोसाइटी के सैकड़ों निवासी और आसपास की मार्केट के दुकानदार परेशान हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण सोसाइटी की लिफ्ट बंद पड़ी हैं, जबकि ओवरलोड होने से डीजी सेट भी बंद हो गया है। इससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली संकट का असर हेमिस्फेयर सोसाइटी के पास स्थित मार्केट पर भी पड़ा है। पिछले दो दिनों से बिजली नहीं होने के कारण दुकानों में रखा ठंडा और जल्दी खराब होने वाला सामान खराब हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। निवासियों ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
- दो दिन से बिजली नहीं है। फ्रिज में रखा ठंडा और खाना गर्मी की वजह से खराब हो गया है, जिससे काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
-संजय शर्मा, दुकानदार
-बिजली नहीं होने से दुकान का काम पूरी तरह प्रभावित है। ग्राहक भी कम आ रहे हैं और कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
-नितिन, दुकानदार
- लिफ्ट बंद होने से ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लिफ्ट बंद होने की वजह से ऊपरी मंजिल पर रह रहे लोग सीढियों से चढ़कर ऊपर जा रहे है।
-प्रमोद भाटी, निवासी
- भीषण गर्मी में दो दिनों से बिजली नहीं है। लोगों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल्द समाधान होना चाहिए।
-एससी राठी, निवासी