- डेरीन खेड़ा चौगानपुर गांव में निरीक्षण करने पहुंची टीम पर हुआ था ईंट-पत्थरों से हमला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गांव डेरिन खेड़ा चौगानपुर में बिजली जांच के दौरान नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) की टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
नॉलेज पार्क-2 स्थित एनपीसीएल कार्यालय में कार्यरत दीपक कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वो एलसीसी निरीक्षण टीम के साथ गांव डेरीन खेड़ा चौगानपुर में उपभोक्ता के कनेक्शन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। टीम में अमित शर्मा (जेईटी), दिनेश धामा, नीरज, जागेंद्र समेत क्यूआरटी टीम के सदस्य शामिल थे। बीते शुक्रवार को उपभोक्ता सुबेदार सिंह के मकान के बाहर निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि संदीप भाटी, अनुज भाटी, भीमपाल और दीपक भाटी निवासी डेरीन खेड़ा चौगानपुर ने पूर्व नियोजित तरीके से टीम पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने टीम के कर्मचारियों के साथ लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से मारपीट की।
वहीं निरीक्षण के दौरान फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन को भी छीनकर जमीन पर पटक दिया गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। हमला इतना अचानक हुआ कि टीम को अपनी जान बचाकर वहां से बाहर निकलना पड़ा। घटना के बाद कर्मचारियों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। वहीं कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।