नोएडा। एक महिला की शिकायत पर निजी फोटो का दुरुपयोग कर ब्लैकमेल करने, जान से मारने की धमकी देने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप में एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदरपुर निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी पहचान अमित कुमार नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और इस दौरान आरोपी ने अलग-अलग समय पर उससे ब्याज पर लाखों रुपये उधार लिए।
महिला का आरोप है कि बाद में उसने नौकरी छोड़कर अपना व्यवसाय शुरू किया, लेकिन आरोपी लगातार उसके पास आता-जाता रहा। शिकायत के अनुसार, जब महिला ने अपने रुपये वापस मांगे और आरोपी से संबंध समाप्त कर लिए, तो उसने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी और उसके परिवार के कुछ सदस्यों ने भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके बाद आरोपी ने निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी। ब्यूरो