- अजायबपुर औद्योगिक क्षेत्र में हादसा, लाखों रुपये का सामान जलकर राख
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के अजायबपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित डीएमआईसी सेक्टर में मंगलवार को एक कंपनी के स्क्रैप के ढेर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
डीएमआईसी सेक्टर-1 में स्थित फारमी कंपनी के पीछे स्क्रैप और गत्ते का ढेर रखा हुआ था। मंगलवार को अचानक उसमें आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख कंपनी में मौजूद कर्मचारियों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अजायबपुर पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को बुलाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।