दनकौर (संवाद)। मूंजखेड़ा गांव में प्लॉट पर कब्जे के विवाद को लेकर बृहस्पतिवार को दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में एक पक्ष ने पांच नामजद समेत करीब 10 लोगों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।
मूंजखेड़ा गांव निवासी शिवकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने कुछ वर्ष पहले गांव के ही एक व्यक्ति से प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि प्लॉट बेचने वाला व्यक्ति अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ इसी जमीन पर कब्जा करने पहुंच गया। इसकी जानकारी मिलने पर शिवकुमार अपने परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और कब्जे का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में सुखबीर, सुरेंद्र, रामू और सीमा गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाली प्रभारी मनोज चौहान ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत प्राप्त कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।