संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। बहीन थाना पुलिस ने गोकशी मामले में पिछले 18 साल से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ईस्लाम पुत्र ख्वाजू निवासी गांव कोट थाना बहीन के रूप में हुई है। आरोपी थाना बहीन सहित अन्य थानों में दर्ज 6 संगीन मुकदमों में वांछित था। थाना बहीन प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले आरोपी नसरु को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी ईस्लाम के खिलाफ गोकशी अधिनियम, आईपीसी की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2008 का वह मामला भी शामिल है, जिसमें वह उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद