ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक शख्स की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुलदीप मिश्रा निवासी बांदा के रूप में हुई है। वह इन दिनों साइड-4 में रह रहे थे। गोल मोहर स्टेट निवासी धनश्याम शुक्ला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके साढ़ू कुलदीप बीते सोमवार की रात बाइक से एवीजे हाइट्स मंदिर में पूजा कर अपने निवास की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वह सेक्टर ईटा-1 गेट नंबर 5 के पास पहुंचे। किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर उन्हें उपचार के लिए ग्रीन सिटी अस्पताल सेक्टर डेल्टा-1 ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो