- धूम मानिकपुर गांव के पास शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा
- कंपनी में मौजूद चार-पांच लोगों को सुरक्षित निकाला गया, परिसर में खड़े वाहन जलकर राखसंवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित धूम मानिकपुर गांव के समीप पेंट बनाने वाली ऑर्गेनिक केमिकल कंपनी में बृहस्पतिवार देर रात आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और कंपनी परिसर से ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की 21 गाड़ियों ने करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बादलपुर कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि धूम मानिकपुर गांव के पास स्थित ऑर्गेनिक कंपनी में केमिकल से पेंट बनाने का काम होता है। कंपनी में ओमप्रकाश, धर्मराज, प्रवीण कुमार त्यागी और त्रिलोक सिंह साझेदार हैं। रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को कंपनी बंद हो गई थी। रात करीब डेढ़ बजे कंपनी के अंदर से धुआं निकलना शुरू हुआ। उस समय चार लोग अंदर मौजूद थे। धुआं निकलने पर एक युवक की आंख खुल गई। उसने तत्काल अन्य लोगों को जगाया। कर्मचारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही पुलिस ने दमकल विभाग को मौके पर बुलाया। आग बढ़ने के कारण आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
सात घंटे तक आग बुझाने में जुटी रहीं दमकल की गाड़ियां: आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की टीमों के साथ एसडीआरएफ को भी मौके पर बुलाया गया। गाजियाबाद स्थित एसडीआरएफ की 47वीं बटालियन की टीम ने भी राहत और बचाव कार्य में मोर्चा संभाला। दमकल की 21 गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। केमिकल और पेंट से संबंधित सामग्री होने के कारण आग लगातार भड़क रही थी, जिससे राहत कार्य में चुनौती आई।
दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कंपनी में मौजूद चार-पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग से कंपनी परिसर में खड़े कुछ वाहन भी चपेट में आ गए और जलकर राख हो गए। कंपनी में रखी सामग्री और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
बाहरी व्यक्ति पर जताया संदेह :
कंपनी के साझेदार ओमप्रकाश ने आग लगने की घटना में किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कंपनी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। कैमरों की रिकॉर्डिंग की मदद से घटना की जांच कराई जाएगी। पुलिस टीम आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।