- एक्टिव सिटीजन टीम ने प्राधिकरण को दिया पत्र
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में एक और कमर्शियल बेल्ट की योजना बनने के बाद एक्टिव सिटीजन टीम ने सरकारी अस्पताल बनाए जाने का मुद्दा उठाया है। इसके लिए बुधवार को एक ज्ञापन सीईओ को दिया गया। ज्ञापन में टीम के सदस्य आलोक सिंह व मंजीत सिंह का कहना है कि कमर्शियल बेल्ट से कहीं अधिक जरूरत ग्रेनो वेस्ट को सरकारी अस्पताल की है। ऐसे में प्राधिकरण की प्राथमिकता भी व्यावसायिक निर्माण की जगह सरकारी अस्पताल के लिए होनी चाहिए। जिस जिले में 95 प्रतिशत निजी और केवल पांच प्रतिशत सरकारी अस्पताल हों। वहां इसकी जरूरत और अधिक बढ़ जाती है। ग्रेनो वेस्ट की आबादी करीब आठ लाख हो चुकी है। ऐसे में ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो ईस्ट में 500-500 बेड के दो सरकारी अस्पताल बनाए जाने की जरूरत है। इसी तरह ग्रेटर नोएडा के ग्रामीण क्षेत्रों में 100-100 बेड क्षमता के पांच सरकारी अस्पताल बनाए जाने की जरूरत है।