ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट स्थित ला रेजिडेंशिया सोसाइटी में बुधवार को सुबह छह बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे निवासियों को पूरे दिन परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी, जिसके कारण गर्मी और उमस से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। निवासियों ने बताया कि बिजली जाने के तुरंत बाद बिल्डर प्रबंधन को इसकी जानकारी दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि सोसाइटी में बिजली व्यवस्था लंबे समय से अव्यवस्थित है और इस तरह की तकनीकी दिक्कतें अक्सर सामने आती रहती हैं। बिजली बाधित रहने के दौरान डीजी सेट के माध्यम से आपूर्ति की गई, लेकिन इसके लिए अलग से शुल्क लिया जाता है। निवासियों ने संबंधित विभाग और प्राधिकरण से मांग की है कि सोसाइटी के विद्युत ढांचे का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और बिल्डर को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए जाएं।