ग्रेटर नोएडा। जीएल बजाज इंस्टीट्यूट में छात्रों के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले किसान सभा के युवा कार्यकर्ता प्रशांत भाटी और मोहित नागर को हिरासत में लेने के मामले ने रविवार को तूल पकड़ लिया। अखिल भारतीय किसान सभा के हस्तक्षेप और विरोध के बाद पुलिस ने दोनों को रिहा कर दिया। संगठन ने नॉलेज पार्क थाना पुलिस पर दोनों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए घटना की कड़ी निंदा की है।
किसान सभा के अनुसार, संस्थान प्रबंधन की कथित मनमानी और अवैध वसूली के विरोध में छात्रों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन प्रस्तावित था। आरोप है कि प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने प्रशांत भाटी और मोहित नागर को हिरासत में ले लिया तथा उनके साथ दुर्व्यवहार किया। मामले की जानकारी मिलने पर किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा, पूर्व जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष उमेश भाटी, जिला महासचिव संदीप भाटी, जिला सचिव सुरेंद्र भाटी सहित कई कार्यकर्ता डीसीपी ग्रेटर नोएडा से मिले और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।