फोटो है-महोत्सव के पहले दिन 10 हजार लोगों ने उठाया स्वास्थ्य लाभ
-
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो सेंटर में शुक्रवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयुष महोत्सव ‘आयुर महोत्सव 2026’ का शुभारंभ हुआ। आयुर्वेद वैद्य फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने किया। महोत्सव के पहले ही दिन देशभर से 5,000 से अधिक आयुर्वेद चिकित्सक और 100 से अधिक प्रमुख आयुष एवं वेलनेस ब्रांड्स के संस्थापक शामिल हुए। वहीं, दिल्ली-एनसीआर से पहुंचे लगभग 10,000 लोगों ने आयुष मेले, उत्पाद प्रदर्शनी और स्वास्थ्य शिविरों में परामर्श व सेवाओं का लाभ उठाया।
उद्घाटन समारोह में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के निदेशक वैद्य पीके प्रजापति, धूतपापेश्वर के एमडी रंजीत पुराणिक, आयुष निर्यात संवर्धन परिषद के निदेशक डॉ. रामनाथन, महर्षि आयुर्वेद के निदेशक संजय श्रीवास्तव, झंडू के उपाध्यक्ष अजीत पाल सिंह, एमिल के एमडी संचित शर्मा और पद्मश्री केके ठकराल मौजूद रहे।
आयुष विजन 2045 को साकार करने : महोत्सव के पहले दिन आयोजित विशेष पैनल चर्चा में वक्ताओं ने आयुर्वेद की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता बढ़ाने और आयुष विजन 2045 को साकार करने पर जोर दिया। विशेषज्ञों ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र, अनुसंधान संस्थानों, उद्योग और सरकार के साझा प्रयासों से ही आयुर्वेद को वैश्विक पटल पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय महोत्सव में आगामी दो दिनों के दौरान उद्योग संवाद, आधुनिक अनुसंधान, डीटूसी वेलनेस, नवाचार और बिजनेस नेटवर्किंग से जुड़े कई तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।