कार से टक्कर मारकर भागने वाले आरोपी को जमानत मिली-बिसरख कोतवाली क्षेत्र में 5 सितंबर को एक मूर्ति गोल चक्कर के पास की घटना
-घायल युवक को भी आया होश, परिजनों का कार ठीक कराकर साक्ष्य मिटाने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के एक मूर्ति गोल चक्कर पर एक युवक को कार से टक्कर मारकर भागने वाले आरोपी को कोर्ट से जमानत मिल गई है। वहीं पीड़ित युवक भी होश में आ गया है। हालांकि उसका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में बिसरख कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई हो चुकी है।
छपरौला निवासी पीड़ित हिमांशु 5 सितंबर को अपने दोस्त से मिले ग्रेनो वेस्ट आए थे। वहां से वो सेक्टर 62 की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि सुबह 4:35 बजे वो एक मूर्ति के पास सड़क पार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद हिमांशु उछलकर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि 5 सितंबर को उसका जन्मदिन था। वो पत्नी के साथ बाहर गए थे। डिलीवरी बॉय से केक लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे। तभी हादसा हुआ। कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे से अधिक होने का आरोप है। पत्नी का आरोप है कि घटना के बाद कार के बंपर व शीशे की मरम्मत करा दी गई है। इससे साक्ष्य को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। अब आरोपी को जमानत मिल गई हैं। वहीं बिसरख कोतवाली प्रभारी रंजीत कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।