नकली चेन से असली सोना बदलने वाली महिला पकड़ी गई
- धनतेरस पर दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर उड़ाई थीं दो सोने की चेन, दोबारा पहुंची तो पकड़ी गई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। धनतेरस पर आभूषण की दुकान में ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर नकली चेन रखकर असली सोने के जेवर ले जाने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला छह नवंबर को सेक्टर-49 के बरौला गांव स्थित एक दुकान से दो असली सोने की चेन लेकर चली गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई दोनों सोने की चेन भी बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरौला गांव में कैलाश वर्मा की सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। छह नवंबर को धनतेरस के कारण दुकान पर ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान एक महिला आभूषण खरीदने के बहाने पहुंची। दुकानदार ने उसे कई चेन दिखाईं। आरोप है कि महिला ने मौका देखकर असली सोने की दो चेन हटाकर उनकी जगह नकली चेन रख दीं। रात में दुकानदार के बेटे दीपक वर्मा ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो महिला की करतूत सामने आ गई। इसी बीच गुरुवार को महिला फिर उसी दुकान पर नकली सोने की चेन लेकर पहुंच गई। दुकान पर मौजूद लोगों ने उसे पहचान लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सहारनपुर के देवबंद निवासी शालू के रूप में हुई। वह परिवार के साथ बरौला गांव में किराये पर रहती है। पुलिस के अनुसार, उसका पति प्रवीण कुमार ठेकेदारी करता है। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि इस मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है ।