नोएडा। मामूरा गांव स्थित श्रमिक कुंज में सोमवार रात प्ले स्कूल संचालक ने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर कोतवाली फेज-2 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मूलरूप से जिला लखीमपुर खीरी निवासी 26 वर्षीय सोनू वाजपेयी पिछले एक वर्ष से सेक्टर-66 स्थित श्रमिककुंज में किराये पर रहते थे। उनके साथ आरती नामक महिला भी रहती थी। दोनों मिलकर प्ले स्कूल चलाते थे। सोमवार रात सोनू घर के अंदर थे और आरती के घर के पास ही लोगों से बातचीत कर रही थी। जैसे ही आरती घर पहुंची तब सोनू फंदे से लटके मिले। इसके बाद आरती ने आसपास के लोगों व पुलिस को सूचना दी। इस मामले में मृतक की मां की तरफ से आरती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।