-यूट्यूब हैंडल के जरिए बंदूक से हत्या की धमकी देने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्रख्यात लेखक, पूर्व सिविल सेवक और प्रशांत अद्वैत फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत त्रिपाठी (आचार्य प्रशांत) को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली है। इस संबंध में फाउंडेशन की ओर से गौतमबुद्ध नगर पुलिस के डीसीपी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। वहीं बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने इस मामले में बृहस्पतिवार को प्राथमिकी भी दर्ज की है।
फाउंडेशन की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि आचार्य प्रशांत वेदांत, सामाजिक जागरूकता और समसामयिक मुद्दों पर लगातार सार्वजनिक रूप से अपने विचार रखते हैं। उनके स्पष्ट वक्तव्यों के कारण समय-समय पर कट्टरपंथी और असामाजिक तत्व उन्हें निशाना बनाते रहे हैं। 19 अप्रैल 2026 से संबंधित एक गंभीर धमकी यूट्यूब हैंडल के माध्यम से प्राप्त हुई। आरोप है कि इस धमकी में बंदूक का उल्लेख करते हुए आचार्य प्रशांत की हत्या करने की बात कही गई है। फाउंडेशन की ओर से यह भी बताया गया कि मामले की शिकायत थाना नॉलेज पार्क में पहले ही दी जा चुकी है।
डीसीपी को भेजे गए प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि संबंधित साइबर सेल को तत्काल निर्देश देकर यूट्यूब हैंडल संचालक की पहचान की जाए। साथ ही आईपी एड्रेस, लोकेशन ट्रेसिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। शिकायत में यह भी कहा गया है क आचार्य प्रशांत को सशुल्क पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।