स्वाद बना मुसीबत, 9 लोग एक ही परिवार के हैं
-दादरी नगर के वार्ड-14 की घटना, जीटी रोड पर लगी ठेली से खरीदे थे मोमोज
-बीमार होने वालों में ज्यादातर सभासद के परिजन, तीन बच्चों का चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। सड़क किनारे ठेले पर बिक रहे मोमोज खाने के बाद 12 लोग अचानक बीमार पड़ गए। मरीजों में 9 लोग एक ही परिवार के हैं। उल्टी, पेट दर्द और बुखार की शिकायत के साथ सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां हड़कंप मच गया। प्राथमिक उपचार के बाद नौ लोगों को छुट्टी दे दी गई। जबकि तीन बच्चों का इलाज चल रहा है। वहीं सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मौके पर ठेली वाला नहीं मिला। जिसके बाद टीम घर पहुंची और मोमोज का एक नमूना लेकर जांच को भेजा है।
नगरपालिका परिषद् के वार्ड नंबर-14 के सभासद आरिफ के परिवार के बच्चे बुधवार शाम जीटी रोड स्थित रॉयल स्पेशल मोमोज स्टॉल से मोमोज खरीद कर घर लाए थे। घर के सभी सदस्यों ने मोमोज खाए, लेकिन कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। सभी को उल्टी-दस्त व पेट दर्द की शिकायत हुई। रात में एक निजी डॉक्टर को दिखाया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर बृहस्पतिवार को सभी को दादरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां पर तीन और लोग भर्ती थे। उपचार के बाद 9 लोगों को छुट्टी दे दी गई। जबकि तीन बच्चें अभी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. रविंद्र ने बताया कि जांच में फूड पॉइजनिंग मिली है। अस्पताल में कुल 12 लोग भर्ती हुए थे।
बृहस्पतिवार को नहीं लगा मोमोज का स्टॉल : पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि सभी ने वेज मोमोज का सेवन किया था और कुछ समय बाद ही तबीयत बिगड़ने लगी। घटना के तुरंत बाद संबंधित मोमोज विक्रेता दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। दुकानदार के पकड़े जाने के बाद ही मोमोज खरीदकर लाने या खुद बनाने का मामला खुल पाएगा।
खाद्य एवं औषधि विभाग ने की जांच शुरू : खाद्य विभाग के एफएसओ विशाल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लकिन उन्हें स्टॉल नहीं मिला। विक्रेता बच्चे की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण घर चला गया था। उसके पास से मिले मोमोज का एक नमूना लेकर जांच को भेजा है।