-यमुना सिटी की एटीएस एल्योर सोसाइटी तक जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से है टूटी
- बारिश होने के बाद और ज्यादा बुरे हो गए हैं हालात
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। यमुना सिटी में बारिश के बाद कई सोसाइटियों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग बदहाल हैं। लोगों को आने-जाने के लिए रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी ही समस्या सेक्टर-22डी स्थित एटीएस सोसाइटी के निवासी झेल रहे हैं। सोसाइटी के सामने स्थित करीब 800 से 900 मीटर लंबी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यही सड़क सोसाइटी तक पहुंचने का मुख्य मार्ग है और सभी निवासियों, स्कूल बसों, कैब, ऑटो, डिलीवरी वाहनों को इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क जगह-जगह से टूट गई और अब लगभग पूरी तरह उखड़ चुकी है। करीब तीन से चार महीने पहले यमुना प्राधिकरण की ओर से सड़क पर मिट्टी और रोड़ी डालकर अस्थायी रूप से मार्ग को समतल किया गया था, लेकिन बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
सोसाइटी तक नहीं आती स्कूल बसें :
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण स्कूल बसों ने सोसाइटी के अंदर आने से मना कर दिया है। स्कूल बस संचालकों का कहना है कि उबड़-खाबड़ और टूटी सड़क पर बसों के संचालन से वाहनों में बार-बार खराबी आती है और रखरखाव का खर्च बढ़ जाता है।
- खराब सड़क होने के कारण सोसाइटी में स्कूल बसें नहीं आती, जिसके चलते बच्चों को खुद स्कूल तक छोड़ने आना पड़ता है। ऑफिस जाने के बाद बच्चों को लाने के लिए परेशानी होती है। -
कुशाग्र अग्रवाल, एटीएस अल्योर
- खराब सड़क होने के कारण सोसाइटी में आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही वाहनों के रखरखाव का खर्चा भी बढ़ता है।
मनोज कौशिक
- पहले सड़क ठीक थी, लेकिन सोसाइटी के आसपास चल रहे निर्माण कार्य के चलते सड़क की स्थिति ज्यादा खराब हो गई है। इसके साथ ही खराब सड़क के कारण वाहनों को भी नुकसान होता है।
-मानिक, एटीएस अल्योर
- बारिश होने बाद सड़क की स्थिति काफी खराब हो जाती है। सड़क पर पानी निकासी की सुविधा अच्छी न होने के कारण बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है।
-कुनाल खन्ना, एटीएस अल्योर