- गैलेक्सी वेगा सोसाइटी में बिजली जाने से लिफ्ट में 30 मिनट तक फंसे रहे चार बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गैलेक्सी वेगा सोसाइटी में मंगलवार देर रात बिजली बार - बार आने जाने के कारण सभी लिफ्टें कुछ समय के लिए बंद हो गई। इसी समय एक लिफ्ट में चार बच्चे करीब 30 मिनट तक फंस गए। बच्चे घबरा गए थे और हिम्मत बनाए रखने के लिए उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया। सूचना मिलते ही मेंटेनेंस टीम और एओए टीम मौके पर पहुंची और दोनों ने मिलकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) टीम ने बताया कि बिजली की समस्या की वजह से लिफ्टें बंद हुईं थीं साथ ही उन्होंने कहा कि लिफ्ट बनाने वाली कंपनी ओटीआईएस से यह पता लगाने के लिए रिपोर्ट मांगी गई है कि आखिर यह घटना क्यों हुई थी।
लोगों का कहना है कि बिजली जाने या खराब होने की स्थिति में लिफ्ट में लगे सुरक्षा सिस्टम ने काम किया या नहीं किया, साथ ही यह भी जानना जरूरी है कि सभी लिफ्टें एक साथ कैसे बंद हो गईं।