- शादी के लिए दबाव डालकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-73 स्थित डायमंड रेजीडेंसी-2 में बीएसी तृतीय वर्ष की छात्रा नैना कटियार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने सौरभ कटियार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका के पिता राजेश बाबू कटियार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। पिता ने आरोपी पर बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर शादी के लिए दबाव बनाने और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। सेक्टर-113 थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कानपुर देहात के सिकंदरा निवासी राजेश बाबू कटियार के अनुसार, उनकी बेटी नैना कटियार मथुरा स्थित संस्कृति यूनिवर्सिटी से फॉरेंसिक साइंस में बीएससी तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। परीक्षा की तैयारी के लिए वह सेक्टर-73 स्थित डायमंड रेजीडेंसी-2 में अपने मौसेरे भाई अमित उर्फ विक्की के घर पर रह रही थी। आरोप है कि कानपुर देहात के अलनीपुर निवासी सौरभ कटियार उनकी बेटी पर शादी करने का दबाव बना रहा था। वह खुद को राजनीतिक पार्टी का नेता बताता था और नैना को 18 वर्ष की उम्र पूरी होने पर जबरन शादी करने तथा अपहरण कर ले जाने की धमकी देता था। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की नजर परिवार की कृषि भूमि और मकान पर थी। शिकायत के मुताबिक, 14 मई 2026 की रात करीब नौ बजे नैना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।