अलग अलग सडक़ हादसे में दो की मौत, एक घायल
- संबंधित थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट, पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक शख्स घायल हो गया। इन घटनाओं के बाद कोतवाली सेक्टर-39, फेज 3 व सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों घटनाओं की जांच कर रही है।
सलारपुर निवासी सिमरन चौहान ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी मां गीता देवी पांच अक्टूबर की सुबह सेक्टर 107 स्थित लोटस 300 सोसाइटी के सामने ई रिक्शे में बैठी थीं। इस दौरान कार चालक ने रिक्शे में टक्कर मार दी। काफी दूर तक रिक्शा घसीटता चला गया। पुलिस की मदद से गीता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनको मृत घोषित कर दिया है। इस मामले में सिमरन ने कोतवाली सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं हापुड़ के रूपनगर निवासी जोगिंदर ने पुलिस से शिकायत की है कि उनका भाई राजकुमार उर्फ राजू कार चलाता था। 18 सितंबर को राजू हापुड़ से कार लेकर नोएडा आया था। सेक्टर 59 में राजू की कार एकाएक सामने रुकी पिकअप से टकरा गई थी और राजू घायल हो गया था। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अगले दिन राजू की मौत हो गई । वहीं गिझौड़ निवासी प्रवीण सिंह अपने दोस्त साजन कुमार के साथ मंगलवार रात को सेक्टर 53 से सेक्टर 71 बाइक से जा रहे थे। सेक्टर 71 में भारत पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड पर कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में साजन कुमार के सीधे पैर की हड्डी टूट गई। एडीसीपी सुमित शुक्ला कहना है कि इन मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है।