प्रेमी को साथ ले गए पिता तो प्रेमिका ने की आत्महत्या की कोशिश
दनकौर। क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात एक प्रेमिका ने प्रेमी को पिता द्वारा ले जाने पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उसने आत्महत्या की भी कोशिश की। विवाद इतना बढ़ गया कि लोगों को पुलिस बुलानी पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से प्रेमिका को समझाबुझाकर शांत कराया। महिला के पति की करीब 5 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह गांव में अकेले ही रहती है। आरोप है कि क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से उसका प्रेम प्रसंग है, युवक उसी के घर में रहता है। जिसका पड़ोसी और प्रेमी के परिजन विरोध करते हैं। बृहस्पतिवार देर शाम प्रेमी के पिता अचानक महिला के घर पहुंच गए। जिसके बाद प्रेमिका ने घर में चोर घुसने का बहाना बनाकर मोहल्ले में शोर मचा दिया। आसपास के लोग तुरंत पहुंचे। लोगों का गुस्सा देख व्यक्ति ने बताया कि महिला के साथ जो युवक रहता है, वह उसका बेटा है। पिता ने कहा कि वह बेटे की हरकतों से परेशान है। वह बेटे को लेने आए हैं। इसके बाद व्यक्ति अपने बेटे को जबरन वहां से ले गया। जिसके बाद प्रेमिका ने घर में घुसकर फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। आसपास के लोगों ने उसे बचाया। फिर भी वह जिद पर अड़ी रही। पुलिस ने उसे समझाया।