सिरसा की वारदात, हत्या के बाद खोजने का करता रहा नाटक
पुलिस के शिकंजे में आते ही आरोपी ने ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सिरसा गांव से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अपने भाइयों को फंसाने के लिए एक पिता ने अपने 13 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और गांव के बाहर तालाब में शव को फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी परिवार और ग्रामीणों के साथ बेटे की तलाश का नाटक करता रहा। कासना कोतवाली पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस के शिकंजे में आते ही आरोपी ने ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की।
आरोपी प्रदीप भाटी का पुत्र सुधांशु आठवीं का छात्र था। बुधवार रात करीब नौ बजे वह घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन बृहस्पतिवार को उसके चाचा मोहित ने कोतवाली में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। उसी दिन शाम करीब सात बजे तालाब के पास खेल रहे बच्चों ने पानी में शव का उतराता देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होने पर सुधांशु के परिजन में कोहराम मच गया।
आरोपी पिता ने भाइयों पर लगाया आरोप
मौके पर पहुंचा आरोपी पिता अपने भाइयों पर ही बेटे के अपहरण और हत्या का आरोप लगाने लगा। उसके व्यवहार पर शक होने पर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में आरोपी बेटे के साथ कार से जाता दिखता है, लेकिन दो घंटे बाद वह अकेले लौटता है। इसके बाद पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो उसने बेटे के गुलिस्तापुर में दोस्त के घर पर होेने का दावा किया, लेकिन पुलिस जब उसे लेकर वहां पहुंची तो उसने बेटे को लाने का बहाना भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस व ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया। फंसता देख प्रदीप ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
भाइयों से चल रहा जमीन विवाद
जांच में सामने आया है कि प्रदीप का भाइयों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गांव के बाहर करीब दो बीघा जमीन में दुकान बनाने को लेकर चारों भाइयों के बीच लंबे समय से तनाव था। प्रदीप ने उन्हें फंसाने के इरादे से बेटे की हत्या की।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उपचार के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।