रबूपुरा(संवाद)। एयरपोर्ट प्रभावित किसानों की समस्या के निस्तारण के लिए अधिकारी कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। किसान लगातार धरना दे रहे हैं, फिर भी उनको अनदेखा किया जा रहा है। यह बात बृहस्पतिवार को गांव रौनीजा में चल रहे धरने के दौरान कहीं गई। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह ने कहा कि 304 दिन से किसान लगातार धरना दे रहे हैं। किसान दो बार मुख्यमंत्री कार्यालय तक अपनी समस्या को भी पहुंचा चुके हैं। उनकी समस्या के निस्तारण के लिए सरकार ने आदेश दे दिए हैं, लेकिन अधिकारी इसमें टाल मटोली कर रहे हैं। अब किसान अपनी मांगों को लेकर जल्दी ही आंदोलन करेंगे। इस दौरान गजब सिंह, अहमद खां, पिंटू त्यागी, ओमवीर सिंह, उदयभान मलिक, महेंद्र, ओमपाल सिंह, रन्नू, नित्रपाल, धर्मपाल समेत विभिन्न किसान मौजूद रहे।