नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानें 15 जून से शुरू होने जा रही हैं। रनवे से जब पहला हवाई जहाज उड़ेगा तो इसमें एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसान भी यात्रा करेंगे। इसके लिए जेवर विधायक ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर प्रस्ताव दिया है और उसे स्वीकार भी कर लिया गया है। जिसके बाद किसानों को सम्मानित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सपना तभी साकार हो पाया है, जब किसानों ने उदारता दिखाते हुए अपनी जमीनें सरकार को दे दी। अब एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने जा रही हैं और किसानों के साथ पूरे क्षेत्र का सपना साकार हो रहा है। किसान अपने सपने को साकार होते हुए देखें, इसके लिए वह उन्हें पहली उड़ान में शामिल करके सम्मानित करना चाहते हैं।
विधायक ने बताया कि उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और उन्हें किसानों को सम्मानित करने का प्रस्ताव दिया। इसमें किसानों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उसी उड़ान में यात्रा का अवसर देने की बात कही गई। इसके साथ ही सीएम से अनुरोध किया कि वह उन किसानों से संवाद करें। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके इस सकारात्मक प्रस्ताव को स्वीकार किया है।