भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने जेवर में की बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने रविवार को जेवर स्थित कैंप कार्यालय पर बैठक की। इसमें 28 जुलाई को यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर होने वाली महापंचायत के लिए रणनीति बनाई गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज सिंह ने कहा कि आबादी का निस्तारण होना चाहिए। काफी गांवों में नोटिस जारी किए गए हैं जिन्हें वापस लिया जाए।
किसानों ने बताया कि गांव से सटी आबादी को छोड़ा जाना चाहिए। लाल डोरा आबादी को 500 मीटर दूर रखा जाए। नोएडा एयरपोर्ट के किसानों को विस्थापन में सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इन किसानों के लिए भी आवासीय और वाणिज्यक योजना आनी चाहिए। विस्थापन करने वाले परिवार के हर बालिग को कम से कम 100 मीटर का प्लॉट मिलना चाहिए। किसान अपनी 35 सूत्री मांगों को लेकर 28 जुलाई को जीरो प्वाइंट पर महापंचायत करेंगे। इसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। किसानों की मांग है कि उनकी मांगों पर हर दो माह में यमुना प्राधिकरण के सीईओ के साथ बैठक होनी चाहिए।