मथुरापुर व रिठौरी के किसानों को मिले आबादी भूखंड
सोमवार को दादरी विधायक व एसीईओ ने सौंपा आवंटन पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के मथुरापुर व रिठौरी के 10 किसानों को छह फीसदी आबादी भूखंड आवंटित हुआ है। सोमवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने इन किसानों को आवंटन पत्र सौंपे।
अधिकारियों का कहना है कि रिठौरी व मथुरापुर गांव के किसानों की जमीन का अधिग्रहण होने के बाद से छह फीसदी आबादी भूखंड का आवंटन लंबित बना हुआ था। इन किसानों ने भूखंड पाने के लिए प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से भी शिकायत की थी। सीईओ के निर्देश पर नियोजन विभाग से इन भूखंडों के नियोजन होने के बाद भूखंड विभाग ने आवंटन पत्र जारी कर दिया। एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही लीज प्लान और चेकलिस्ट जारी कर दिया जाएगा। लीज डीड की प्रक्रिया भी जल्दी पूरी कराई जाएगी। सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड देना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता है। मथुरापुर व रिठौरी की तरह ही अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी के भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाएंगे।