ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के बील अकबरपुर टोल प्लाजा पर किसानों के साथ हुए कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के पदाधिकारियों ने महापंचायत की। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि तीन दिनों के भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो टोल प्लाजा फ्री कर दिया जाएगा। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने एक्सप्रेस-वे के निर्माण में अधिग्रहित की गई जमीन के बदले मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं और पांच लाख रुपये न मिलने का भी मुद्दा उठाया। इस मौके पर संगठन की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय संयोजक रेखा सिवाल, यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर विजय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रोहित भाटी आदि मौजूद रहे।