ग्रेटर नोएडा (संवाद)। लखनऊ में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में चल रही उत्तर प्रदेश प्रो हैंडबॉल लीग में गौतमबुद्ध नगर की टीम नोएडा ब्लास्टर्स दो जीत व तीन हार के बाद लीग से बाहर हो गई। लीग में नोएडा टीम का पांचवां मुकाबला गोरखपुर राउडीज के साथ रहा जो काफी रोमांचक रहा। गोरखपुर ने नोएडा को पराजित किया। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में चल रही लीग के पांचवें दिन मुकाबले में दोनों टीमें 26-26 अंक से बराबरी पर थीं लेकिन गोरखपुर ने अंतिम एक मिनट में गोल दाग कर न केवल जीत हासिल की बल्कि लीग में चार मुकाबले जीतकर फाइनल के लिए जगह बनाई। गोरखपुर के कृष्ण की ओर से पेनाल्टी पर किए गोल की बदौलत टीम ने 27-26 अंक से जीत हासिल की। टीम से मोहम्मद शूजा ने सबसे ज्यादा सात, सुनील ने छह, दीपक ने पांच, पवन ने चार व शाहरुख ने दो गोल किए। नोएडा से मनकेश ने सात, मिंटू, तविया व तौसीफ ने पांच-पांच गोल किए।