राकेश टिकैत के लिए मटके में गांव का पानी लेकर गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे ग्रेटर नोएडा के किसान।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। घरवरा गांव के किसान शुक्रवार को पुलिस से बचकर मटके में पानी लेकर गाजीपुर में चल रहे धरना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद मंच पर राकेश टिकैत को मटका दिया गया। टिकैत ने पानी पीकर किसानों के समर्थन पर आभार व्यक्त किया।
किसान एकता संघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी आलोक नागर ने बताया कि सैकड़ों कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान के नेतृत्व में धरना स्थल पर पहुंचे। पहले दनकौर में एकत्र होने का कार्यक्रम था, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर अलग-अलग वाहनों से सीधे गाजीपुर पहुंच गए। गांव घरवरा से मटके में पानी लेकर गए थे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जतन प्रधान ने कहा कि गाजीपुर बॉर्डर पर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार ने पुलिस फोर्स भेजकर जबरदस्ती धरने को खत्म करने का प्रयास किया। इसके बाद टिकैत ने समस्त किसानों से एकजुट होने की अपील की तो रात में ही गाजीपुर बॉर्डर के लिए निकल पड़े।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि रात की घटना से स्तब्ध हूं। टिकैत ने मटके से पानी पीकर किसानों का धन्यवाद किया। इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक चौधरी बाली सिंह, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता भाटी, देशराज नागर, प्रमोद शर्मा, वंदना चौधरी, सीमा, प्रताप नागर, रमेश कसाना, कृष्ण नागर, बृजेश भाटी, लोकेश भाटी, सतीश कनारसी, कमल यादव, सुमित चपरगढ़, मनीष नागर, अखिलेश प्रधान, जितेंद्र अलीगढ़, दुर्गेश शर्मा समेत किसान मौजूद रहे।