-बाजार में ज्यादा दाम व समय पर भुगतान न होने के चलते बदला रुख
गेहूं खरीद के लिए रबूपुरा में बनाए गए हैं पांच क्रय केंद्र
-7 हजार क्विंटल गेहूं ही खरीदा जा सका है अब तक
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने की लंबी प्रक्रिया और देरी से भुगतान मिलने की समस्या के चलते किसान क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के बजाय व्यापारियों को अपना गेहूं बेच रहे हैं। गेहूं खरीद के लिए बनाए गए पांच क्रय के दो पर पिछले करीब दो माह में केवल सात हजार क्विंटल ही गेहूं की खरीद कर सकते हैं। व्यापारियों ने करीब 15 हजार कुंतल से अधिक गेहूं की खरीद की है।
क्षेत्र के किसान जगदीश सिंह, मनजीत सिंह, मोहित, शौकीन खां आदि किसानों ने बताया कि क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना पड़ता है। उसके बाद लेखपाल का सत्यापन करना पड़ता है। इसके बाद उन्हें क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने की तिथि मिलती है। वहीं भुगतान भी उनके बैंक खातों के माध्यम से मिलता है। जबकि व्यापारी के यहां बिना किसी प्रक्रिया के सीधे अपना गेहूं बेच सकते हैं। समर्थन मूल्य से अधिक कीमत मिल रही है। भुगतान भी तुरंत मिल जाता है। साधन सहकारी समिति लिमिटेड के सचिव देवेंद्र सिंह व क्रय केंद्र प्रभारी ने बताया कि किसानों से गेहूं खरीद के लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति क्षेत्र में रबूपुरा, जोनचाना, रौनीजा और तिरथली समेत पांच क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इन क्रय केंद्रों पर 17 मार्च से गेहूं खरीद शुरू की गई थी। क्रय केंद्रों पर अब तक केवल सात हजार क्विंटल गेहूं खरीद की गई है।