वादा पूरा नहीं किसानों ने फिर डाला ग्रेनो प्राधिकरण पर डेरा
पुलिस ने प्राधिकरण गेट पर बैरिकेडिंग, किसानों ने वार्ता के प्रस्ताव किया इन्कार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण और शासन-प्रशासन की वादाखिलाफी से आक्रोशित हजारों किसानों ने मंगलवार को एक बार फिर ग्रेनो प्राधिकरण कार्यालय के बाहर डेरा डाल दिया है। सुबह नारेबाजी करते हुए प्राधिकरण गेट पर पहुंचे। किसानों की संख्या को देखते हुए पुलिस ने कुछ देर बाद ही गेट पर बैरिकेडिंग करके सुरक्षित कर दिया।
प्राधिकरण अधिकारियों की ओर से आए वार्ता के प्रस्ताव से इन्कार करते हुए किसानों ने कहा कि राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर की मौजूदगी में ही बैठक होगी। वहीं, सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और धरने पर जल्द ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बुलाकर आंदोलन को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा किसानों पर हो रहे जुल्म को सहन नहीं करेगी। सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ेगी।
किसानों का आरोप है कि 24 जून को राज्यसभा सांसद ने मध्यस्थता कर शासन की ओर से उच्चस्तरीय कमेटी बनाने और 30 जून तक नोटिफिकेशन कराकर 15 जुलाई तक फैसला कराने का लिखित आश्वासन दिया था। प्राधिकरण और शासन ने लिखित वादे का पालन करने से इन्कार कर दिया। सात जुलाई को किसान सभा ने सभी कमेटियों की बैठक बुलाकर 18 जुलाई से दिन-रात धरना देने की घोषणा की थी।
उसी के तहत मंगलवार को हजारों किसान जैतपुर गोलचक्कर पहुंचे और वहां से जुलूस निकालकर प्राधिकरण कार्यालय के लिए हुंकार भरी। किसानों ने प्राधिकरण के गेट नंबर दो पर कब्जा कर लिया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने उसे बैरिकेडिंग करके सुरक्षित कर लिया। हालांकि किसान बाहर गेट पर कब्जा किए हुए बैठे हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रही। महापड़ाव की अध्यक्षता नंबरदार जगदीश ने और संचालन टीकम नागर ने किया। कांग्रेस, रालोद और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी समर्थन दिया। किसानों ने कहा कि महापड़ाव दिन रात चलेगा। इस दौरान किसानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ वादाखिलाफी करने पर निंदा प्रस्ताव पास किया।
नोएडा प्राधिकरण पर तालाबंदी, कल खानपुर गांव में बनेगी रणनीति
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को सिरसा-खानपुर गांव में पंचायत करके नोएडा प्राधिकरण पर तालाबंदी करने और एनटीपीसी की कोयला रेल रोकने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर खलीफा ने बताया कि किसान अपनी मांगों को लेकर प्राधिकरण पर 33 दिन से धरने पर बैठे हैं, मगर अधिकारियों पर इसका कोई असर नहीं है। अब तालाबंदी करने के लिए बृहस्पतिवार 20 जुलाई को महापंचायत की जाएगी। इसमें तीनों प्राधिकरणों और एनटीपीसी दादरी से प्रभावित किसान शामिल होंगे। ब्यूरो
किसान बेरोजगार सभा ने आंदोलन किया स्थगित
ग्रेटर नोएडा। किसान बेरोजगार सभा के कार्यकर्ताओं ने डाबरा गांव स्थित एक विवि पर धरना देने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। मंगलवार को हुई बैठक के बाद एसीपी सार्थक सेंगर और बैनेट यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने आश्वस्त किया है कि किसानों की समस्याओं का 15 दिन में निराकरण कराया जाएगा। किसानों का कहना है कि 15 दिन बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूबेराम डाबरा, राष्ट्रीय प्रवक्ता विजयपाल सिंह भाटी, ओमवीर प्रधान, लक्ष्मण सिंह बोडाकी, बिशन प्रधान, धर्मवीर कसाना, यशपाल भाटी, गजेंद्र भाटी, लखमी ठेकेदार, ओमप्रकाश भाटी, अमित भाटी, प्रमोद गिरधरपुर आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
बाढ़ से नष्ट फसल का मुआवजा मांगा
ग्रेटर नोएडा। किसान एकता संघ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष अरविंद ने बताया कि यमुना में बाढ़ से किसानों की हजारों हेक्टेयर जमीन पर खड़ी फसल नष्ट हो गई है। सब्जी और पशुओं का चारा भी नष्ट हो गया है। किसान मानसिक रूप से आहत हैं। उन्होंने जल्द से जल्द किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। ब्यूरो