संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के रीलखा गांव में आबादी निस्तारण की मांग को लेकर किसानों ने सोमवार से विभिन्न किसान संगठनों के साथ मिलकर धरना शुरू कर दिया है। किसानों का आरोप है कि उनकी आबादी का निस्तारण किए बिना बिल्डरों द्वारा उनकी जमीनों पर निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। इससे किसानों में रोष है।
किसानों का कहना है कि जब तक आबादी का निस्तारण नहीं किया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। धरने को कई किसान संगठनों ने समर्थन दिया है। किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि जल्द ही धरना स्थल पर महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें सभी किसान संगठनों को आमंत्रित किया जाएगा। किसान नेता रमेश कसाना का कहना है महापंचायत में प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे कार्यों को बंद कराने की रणनीति तैयार की जाएगी। आबादी निस्तारण होने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। धरने की जानकारी होने पर पुलिस और प्राधिकरण कई अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन किसानों ने समस्याओं का समाधान नहीं होने तक धरना जारी रखने की बात कही है।
..............