दादरी (संवाद)। दादरी कोतवाली क्षेत्र के नंगला किरयानी माजरा में मेड़ तोड़े जाने के मामले में न्यायालय के आदेश पर तीन महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि दादरी कोतवाली क्षेत्र के नंगला किरयानी माजरा में बढ़पुरा गांव निवासी सुभाष भाटी की जमीन है। जिस पर गांव के ही विमला भाटी, चंद्रा देवी और विमला ने खेत की मेड़ तोड़कर अपने खेत में मिला ली। मेड़ तोड़े जाने की पुलिस से शिकायत की थी। उसके बाद उप जिलाधिकारी से भी शिकायत की गई। आरोप है कि उसके बाद राजस्व विभाग की टीम नापतोल के लिए पहुंच जाती है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर तीनों महिलाओं के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।