छिबरामऊ। दिलू नगला रोड स्थित निजी नर्सिंग होम में 18 सितंबर की रात धिंगपुर गांव निवासी ट्रक चालक प्रदीप कुमार (28) के घुटने का ऑपरेशन किया गया। सोमवार को उसकी हालत बिगड़ गई और कानपुर ले जाते रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। शव को एंबुलेंस में छोड़कर चालक फरार हो गया।
गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। 10 घंटे तक हंगामे के बीच शव सिकंदरपुर चौकी पर रखा रहा। बाद में अन्य मौतों की तरह प्रदीप की मौत में भी अस्पताल संचालक और परिजन ने समझौता कर लिया। अन्य मामलों की तरह इस मामले में भी स्वास्थ्य महकमे की टीम जांच के लिए नर्सिंग होम पहुंची, लेकिन नोटिस के नाम पर खानापूरी करते हुए क्लीन चिट दे दी।
कैसे होगा बेटे उमंग का भरण पोषण
ग्राम धिंगपुर निवासी प्रदीप की शादी 19 जून 2021 में मऊ जिले के ग्राम ताजपुर निवासी श्वेता के साथ हुई थी। खेती न होने के कारण वह ट्रक चलाता था। उसका नौ माह का एक बेटा उमंग है। पति की मौत के बाद श्वेता की मांग का सिंदूर उजड़ गया। वहीं, बेटे उमंग के सिर से पिता का साया उठ गया। अस्पताल संचालक ने दबाव बनाकर परिजनों से समझौता कर लिया।
नर्सिंग होम में अब तक हुई मौतें
30 जनवरी 2025: गांव अतिराजपुर निवासी विपिन दीक्षित ने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए खुबरियापुर रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। डिलीवरी के बाद नवजात की हालत बिगड़ गई। इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई थी।
18 मई 2025: क्षेत्र के बेहटा खास निवासी राजेश गुप्ता की बेटी रुचि गुप्ता को बुखार आने पर एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहां इंजेक्शन लगाते ही उसकी हालत बिगड़ गई। फर्रुखाबाद ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। उसकी बाद कई दिनों तक आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन किया। कई लोगों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज हुए थे।
17 अगस्त 2025: विशुनगढ़ क्षेत्र के ग्राम भोला नगरिया निवासी रंजीत (24) को खुबरियापुर रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होगम में लिवर में पस होने की शिकायत पर इलाज के लिए लाया गया था। 17 अगस्त को रंजीत का ऑपरेशन हुआ, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण के बाद उसकी मौत हो गई थी।
7 सितंबर 2025: गुरसहायगंज क्षेत्र के ग्राम पालमपुर निवासी सुनील कुमार जाटव ने प्रसव पीड़ा शुरू होने पर पत्नी करिश्मा को खुबरियापुर रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम लाए थे। यहां ऑपरेशन के बाद बच्चे के जन्म हुआ था। बाद में करिश्मा की मौत हो गई थी।