नूंह। खंड के गांव घासेड़ा निवासी चौधरी नसीम असद के साथ एक व्यक्ति द्वारा 87 हजार 700 रुपये का फर्जी चैक देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता चौधरी नसीम असद घासेड़ा ने बताया कि पुन्हाना खंड के गांव कुहकबान राजपुर निवासी तौफीक के साथ उनका काफी समय से लेनदेन चल रहा था। एक दिन आरोपी तौफीक ने अपनी पत्नी के सिर के इलाज के नाम से रात को उनसे 1.10 लाख रुपये की मांग की। पत्नी की बीमारी को देखते हुए उन्होंने 1.10 लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने पीड़ित से बीते साल अक्टूबर माह में दस दिनों के लिए उनसे पैसे लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी उनके पैसे नहीं दिए। इसके बाद वह आरोपी के गांव कुहुकबान राजपुर में गांव के लोगों की एक पंचायत लेकर गए। इस दौरान आरोपी ने उन्हें एक 87 हजार 700 का एक चैक दे दिया। बाकी के रुपये को नकद देने की बात कहीं। बैंक में चेक लगाने पर बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ित ने उन्हें कई बार फोन किया लेकिन हर बार उनको निराशा का सामना करना पड़ा। ऐसे में पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नूंह सदर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। चौधरी नसीम असद ने बताया कि उनके अलावा उक्त आरोपी अन्य कई अन्य लोगों के साथ ठगी कर चुका है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।