दनकौर (संवाद)। दनकौर देहात स्थित परियोजना में प्लॉट का कब्जा देने के नाम पर दिल्ली निवासी महिला के साथ 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। ईस्ट विनोद नगर, दिल्ली निवासी राखी निंबा ने रविवार को दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसने एक कंपनी के निदेशकों अनुराग प्रताप राय और अनुराधा प्रताप राय से परियोजना में 100 वर्ग गज का प्लॉट 18 लाख रुपये में खरीदा था। रकम देने के बाद 30 जून 2023 को प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई लेकिन कब्जा नहीं मिला। पीड़िता के अनुसार नवंबर 2020 में हुए एक अन्य समझौते में बिल्डर ने छह महीने के भीतर 22 लाख रुपये लौटाने और सुरक्षा के तौर पर चेक देने का आश्वासन दिया था लेकिन पैसे नहीं मिले। महिला ने अनुराग प्रताप राय, उनकी पत्नी दीक्षा राय, बहन अनुराधा और पार्टनर रामकुमार गुप्ता पर साजिश के तहत रकम हड़पने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।