फियो ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में टैरिफ राहत की वकालत की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अमेरिका के भारत पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी से निर्यातक परेशान हैं। निर्यातकों के साथ फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (फियो) ने भारतीय वस्तुओं पर यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (यूएसटीआर) के प्रस्तावित टैरिफ पर चिंता जताई है। फियो ने भारत और अमेरिका के बीच फायदेमंद व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने की वकालत की है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा से बड़ी मात्रा में अमेरिका निर्यात होता है। अब अमेरिका ने फिर टैरिफ बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की है। फियो अध्यक्ष एससी रल्हन ने कहा कि यह समझौता संतुलित और पारस्परिक होना चाहिए। इससे भारत के आर्थिक हितों की रक्षा होगी और भारतीय निर्यातक अमेरिकी बाजार में समान स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। उद्योग जगत में कुछ अनिश्चितता है, लेकिन निर्यातकों में घबराहट नहीं है। निर्यातकों ने प्रस्तावित उपायों और पहले से लागू शुल्कों के बीच स्पष्टता मांगी है। फियो ने वार्ताकारों से प्रतिस्पर्धी टैरिफ व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इसमें गैर-टैरिफ बाधाओं को दूर करने और बाजार पहुंच बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।