एचआर इंटर कॉलेज में एनसीसी कैडेट को यातायात नियम की दी गई जानकारी-स्रोत स्कूल
संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद में एनसीसी डे पर शनिवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कैडेट्स को यातायात नियमों व उनके महत्व की जानकारी दी गई।
प्रधानाचार्य अरुण कुमार ओझा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यालय आगे भी समाजहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने और सुरक्षित व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने में सफल रहा। यातायात प्रभारी परमहंस ने एनसीसी कैडेटों को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों के महत्व, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग तथा सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी के कैप्टन डॉ. चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने किया। इस दौरान सेकेंड ऑफिसर पुनीत कुमार त्रिपाठी, पुलिस विभाग की टीम तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।