- वर्क सर्किल-1 से 5 तक के विकास कार्यों पर बैठक, पूर्व बैठक की 70 फीसदी समस्याओं का निस्तारण बाकी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा।
पुरानी शिकायतों का निस्तारण न होने पर नोएडा प्राधिकरण ने फोनरवा के साथ 26 नवंबर को प्रस्तावित बैठक टाल दी है। अब यह बैठक 2 दिसंबर को सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में होगी। फोनरवा महासचिव केके जैन ने बताया कि वर्क सर्किल-1 से 5 तक के अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि जुलाई 2026 में हुई बैठक में उठाई गई करीब 70 फीसदी शिकायतों का अब तक निस्तारण नहीं हुआ है। अमर उजाला की पड़ताल में यह स्थिति सामने आने के बाद प्राधिकरण ने बैठक टालने का फैसला किया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों पर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सेक्टरवासियों को अब लंबित कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
सेक्टर-70, 71, 50, 56 में 70 फीसदी से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इसके चलते सेक्टरों में शाम होते ही महिलाओं का पार्कों में टहलना असुरक्षित माना जा रहा है। सेक्टर-50 के आरडब्ल्यूए महासचिव राजेश सिंह ने बताया कि 70 फीसदी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं।