: एसीपी हेमंत उपाध्याय ने एचएल इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों को पढ़ाया सुरक्षा और कानून का पाठ
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। पुलिस केवल अपराधियों को पकड़ती नहीं है बल्कि समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। चोरी, सड़क दुर्घटना, अनहोनी, साइबर क्राइम या महिला अपराध जैसी घटनाओं की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए। सोशल मीडिया पर अंजान दोस्त से हद से ज्यादा भरोसा खतरनाक होता है। ये बातें मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से ईकोटेक एक्सटेंशन-1 डाढ़ा में एचएल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में एसीपी लाइन हेमंत उपाध्याय ने कहीं।
उन्होंने बताया कि किसी भी गलत बात को चुपचाप सहने की जरूरत नहीं है। यदि स्कूल परिसर या बाहर किसी प्रकार की बदसलूकी, धमकी या उत्पीड़न की घटना हो तो पहले अशिक्षक या अभिभावक को इसकी जानकारी दें। अक्सर छात्र शरारती तत्वों या दबंग प्रवृत्ति के लोगों से घबरा जाते हैं लेकिन पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती, ओटीपी साझा करना, फर्जी लिंक पर क्लिक करना या लालच भरे ऑफर पर भरोसा करना गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की जानकारी तुरंत अभिभावक और पुलिस को दें। उन्होंने ट्रैफिक नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कहा कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति के इलाज के लिए गोल्डन ऑवर महत्वपूर्ण होता है इसलिए जब कभी भी सड़क हादसा देखे तो घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद करने के अलावा पुलिस को सूचना दें।
महिला संबंधित शिकायतों के लिए 1090 और साइबर अपराध के मामलों में राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल या 1930 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है।स्कूल के प्रबंधक लेखराज सिंह कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास भी विकसित होता है। इस मौके पर छात्रों ने सवाल पूछे। एसीपी ने सभी सभी सवालों के जवाब दिए। स्कूल के निदेशक सुनील कुमार, स्कूल कोऑर्डिनेटर पूजा खंडेलवाल, शिक्षक सुखविंदर सिंह मौजूद रहे।