नोएडा (संवाद)। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दादरी ब्लॉक के कुड़ी खेड़ा आयुष्मान आरोग्य मंदिर का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत ऑनलाइन निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की टीम ने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं की जांच की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले के पांच अन्य आरोग्य मंदिरों का भी निरीक्षण हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जिले के सभी 58 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करना है।