स्कैन कॉपी में मिल रही गड़बड़ियां, अब नंबर बढ़ने की उम्मीद माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से छात्रों को उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी में कमियां मिल रही हैं। स्कूलों का कहना है कई बच्चों के नंबर बढ़ने की उम्मीद है। कई छात्र ऐसे हैं, जिनके 15 से 20 नंबर तक बढ़ जाएंगे।
महर्षि विद्या मंदिर के प्रिंसिपल उमेश सिंह सेंगर ने बताया कि कई बच्चों की कॉपियों में सवाल चेक नहीं किए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक छात्रा का पेपर बहुत अच्छा गया था, लेकिन बॉयोलॉजी में अपेक्षा से कम अंक मिले हैं। कॉपी देखने के बाद उसके 18 से 19 नंबर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि शिक्षिका का बेटा स्कूल टॉपर रहा है। उसका फिजिक्स का पेपर भी काफी अच्छा गया था लेकिन अंक कम आए हैं। स्कैन कॉपी की जांच के बाद उसके नंबर बढ़ने की उम्मीद है। अब तक ऐसे तीन मामलों की जानकारी सामने आई है।
पंचशील बालक इंटर कॉलेज के शिक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें अपनी दोनों बेटियों की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी मिली है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटियां हमेशा स्कूल टॉपर रही हैं। इस बार भी उन्होंने स्कूल टॉप किया है, लेकिन उम्मीद के अनुसार नंबर नहीं रहे। कॉपी देखने पर नंबर बढ़ने की संभावना पूरी है।